जिला सूरजपुर जनपद पंचायत प्रतापपुर मनरेगा में मशीनराज! मजदूरों का हक छीन रातभर चली JCB, बांध निर्माण में बड़ा खेल उजागर

जिला सूरजपुर मनरेगा में मशीनराज! मजदूरों का हक छीन रातभर चली JCB, बांध निर्माण में बड़ा खेल उजागर प्रतापपुर। जनपद पंचायत प्रतापपुर के ग्राम पंचायत बड़वार में भ्रष्टाचार और नियमों की अनदेखी के आरोप
लगातार गहराते जा रहे हैं। कब्रिस्तान बाउंड्रीवाल निर्माण विवाद के बाद अब मनरेगा योजना में भी भारी गड़बड़ी सामने आई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मजदूरों को रोजगार देने वाली योजना में मशीनों का इस्तेमाल कर उनके हक पर डाका डाला जा रहा है।जानकारी के अनुसार वर्ष 2026-27 में मनरेगा अंतर्गत लगभग 4 लाख 99 हजार 281 रुपये की लागत से मिट्टी बांध निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ था। योजना का उद्देश्य ग्रामीण मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराना था, लेकिन आरोप है कि सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक की मिलीभगत से मजदूरों की जगह JCB मशीन
लगाकर निर्माण कराया गया।भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद हेशाम अली ने बताया कि निर्माण कार्य लगभग दो सप्ताह पहले शुरू हुआ था। नियमानुसार मास्टर रोल जारी कर मजदूरों के नाम दर्ज किए गए, लेकिन मंगलवार देर रात तक निर्माण स्थल पर JCB मशीन से काम कराया गया। आरोप है कि सुबह मजदूरों से मशीन के पहियों के निशान तक मिटवाने का प्रयास किया गया ताकि मामला छिपाया जा सके।सूचना मिलते ही हेशाम अली ने संबंधित इंजीनियर को अवगत कराया। बताया जा रहा है कि एसडीओ इंजीनियर मौके पर पहुंचे, जहां प्रारंभिक जांच में मशीन के उपयोग के संकेत मिले। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि मनरेगा जैसी मजदूर हितैषी योजना को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ाया जा रहा है।ग्रामीणों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। अब सबकी नजर प्रशासन पर टिकी है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होती है या मामला फिर ठंडे बस्ते में चला जाएगा।