jila sakti

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रीय अपील पर सक्ती जिला प्रशासन की अनूठी पहल, बस से पहुंचे अधिकारी कलेक्टर, एसपी, जिला पंचायत सीईओ सहित

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रीय अपील पर सक्ती जिला प्रशासन की अनूठी पहल, बस से पहुंचे अधिकारी कलेक्टर, एसपी, जिला पंचायत सीईओ सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने बस से पहुंचकर दिया सादगी और जनसेवा का संदेश सक्ती, 13 मई 2026// प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम एशिया संकट के चलते उत्पन्न वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बीच सादगी अपनाने और संसाधनों के बेहतर उपयोग की गई राष्ट्रीय अपील का सकारात्मक प्रभाव अब प्रशासनिक कार्यशैली में भी देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में सक्ती जिला प्रशासन ने एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल करते हुए सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में बस का उपयोग किया। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने व्यक्तिगत वाहनों के बजाय सामूहिक रूप से बस से सफर कर जनसेवा, सादगी और समन्वय का संदेश दिया। जनपद पंचायत मालखरौदा अंतर्गत ग्राम छपोरा में आयोजित समाधान शिविर में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी एक साथ बस में सवार होकर पहुंचे। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों के बीच सकारात्मक संदेश गया और शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ। अधिकारियों ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आयोजित सुशासन तिहार 2026 के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा लगाए जा रहे समाधान शिविरों में राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे ग्रामीणों को काफी सुविधा मिल रही है। अधिकारियों के सामूहिक रूप से बस से पहुंचने से समय और संसाधनों की बचत के साथ-साथ टीम भावना और आपसी समन्वय को भी बढ़ावा मिला। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन की इस सादगीपूर्ण पहल की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया।

Khilawan Prasad Dwivedi

Sakti Samachar News is one of the biggest Hindi News portal where you can read updated Hindi News on Politics, Sports, Business, World, Entertainment etc.

Related Articles