jila sakti

प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित

प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित सक्ती, 04 अगस्त 2026/ प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वासु जैन सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला में उद्योग संचालनालय रायपुर से आए जीआईएस (GIS) विशेषज्ञों द्वारा प्रधानमंत्री गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान पोर्टल के उपयोग, विभागीय डेटा लेयर के एकीकरण तथा आधारभूत संरचना परियोजनाओं के समन्वित नियोजन संबंधी

विषयों पर विस्तृत जानकारी एवं प्रस्तुतीकरण दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि प्रधानमंत्री गतिशक्ति पोर्टल का प्रमुख उद्देश्य विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए आधारभूत संरचना परियोजनाओं की एकीकृत योजना तैयार करना, उनके त्वरित क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करना है। उन्होंने बताया कि सभी विभागों की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध होने से समय एवं शासकीय व्यय में कमी आएगी तथा परियोजनाओं के दोहराव से भी बचा जा सकेगा। कार्यशाला में यह भी जानकारी दी गई कि जीआईएस (GIS) आधारित इस सिंगल-विंडो प्लेटफॉर्म पर विभिन्न विभागों का डेटा एकीकृत रूप से प्रदर्शित होगा, जिससे नई परियोजनाओं के लिए अधिक सटीक एवं प्रभावी डिसीजन मेकिंग (Optimum Decision Making) संभव हो सकेगी। इस अवसर पर जीआईएस विशेषज्ञों ने प्रधानमंत्री गतिशक्ति पोर्टल के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट मास्टर प्लान (DMP) में जिला अधिकारियों एवं उपयोगकर्ताओं के पंजीयन (Registration) की संपूर्ण प्रक्रिया की भी विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की तथा पोर्टल के प्रभावी उपयोग से संबंधित आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन दिया।

Khilawan Prasad Dwivedi

Sakti Samachar News is one of the biggest Hindi News portal where you can read updated Hindi News on Politics, Sports, Business, World, Entertainment etc.

Related Articles