मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भीखमपुरा के सपेरा बस्ती में निर्माणाधीन पीएम आवासों का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने भीखमपुरा के सपेरा बस्ती में निर्माणाधीन पीएम आवासों का किया निरीक्षण विकास योजनाओं से बदल रहा तस्वीर, 35 वर्षों के इंतजार के बाद सपेरा बस्ती में साकार हो रहा पक्के घरों के सपने दिव्यांग हितग्राहियों को प्रदान किए सहायक उपकरण, बच्चों को चॉकलेट देकर किया दुलार**परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत लगाए कदम के पौधे सारंगढ़-बिलाईगढ़, 4 जून 2026//मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार के तहत गुरुवार को दोपहर में बरमकेला विकासखंड के ग्राम भीखमपुरा पहुंचे। उन्होंने वहां के सपेरा बस्ती में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया तथा सपेरा परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन आवासों का अवलोकन करते हुए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन का प्रयास है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचें और प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक आवास उपलब्ध हो। हमारी सरकार हर वर्ग के लोगों के विकास के लिये प्रतिबद्ध है। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि 35 वर्षों से वे लोग झोपड़ियों और सामुदायिक भवनों में रहकर जीवनयापन कर रहे हैं तथा पक्के आवास का सपना अब साकार होने की दिशा में बढ़ रहा है।मुख्यमंत्री ने सपेरा के रूप में निवासरत संवरा जनजाति के परिवारों की समस्याएं सुनीं और जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य मांगों के निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने दिव्यांग हितग्राही रमाबाई सिदार को बैसाखी प्रदान की तथा बच्चों को चॉकलेट देकर स्नेहपूर्वक दुलार किया।भीखमपुरा की सपेरा बस्ती में 50 परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास, सीसी रोड तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य किए जा रहे हैं। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, जल जीवन मिशन सहित केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने की पहल की जा रही है। वर्ष 2024-25 में 25 आवास, वर्ष 2025-26 में 14 आवास तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 14 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 10 अन्य पात्र परिवारों का नाम आवास प्लस 2.0 सर्वे में शामिल किया गया है। कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने कदम का पौधा तथा वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने बरगद का पौधा लगाया। परिसर में कुल पांच पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय पांडेय, उपाध्यक्ष श्री अजय नायक, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अभिलाषा नायक, श्रीमती सहोदरा सिदार, जनपद पंचायत अध्यक्ष बरमकेला श्रीमती विद्या चौहान, जगन्नाथ पाणिग्राही, पूर्व विधायक श्रीमती केरा बाई मनहर, श्री जवाहर नायक, श्री ज्योति पटेल, खनिज साधन विभाग के सचिव श्री पी. दयानंद, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव श्री रजत बंसल, कलेक्टर श्रीमती पदमनी भोई साहू, प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।सीएम से सपेरा बस्ती के लोगों की मांग मुख्यमंत्री से मुलाक़ात के दौरान कक्षा 9वी के छात्र बसंत सिदार ने जाति प्रमाण पत्र का मांग किया, जिस पर श्री विष्णु देव साय ने ग्राम सभा से पारित कर जाति प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू को दिए। वहीं अन्य लोगों ने सपेरा बस्ती के लिए आंगनबाड़ी केंद्र, तालाब और मंदिर निर्माण की मांग किये।