Chhattisgarh

जशपुर: प्रभारी मंत्री श्री ओपी चौधरी एवं कलेक्टर श्रीमान रोहित व्यास ने की विकास कार्यों की समीक्षा, शिलापट्ट नहीं लगाने पर होगी कार्रवाई , किसानों को केला-लीची खेती और पीएम आवास पर विशेष जोर


जशपुर, 24 मई 2026। वित्त एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओपी चौधरी ने रविवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ समयसीमा में पूरा किया जाए तथा

जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाए।बैठक में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, डीएफओ श्री शशि कुमार, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।प्रभारी मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि पिछले दस वर्षों की तुलना में जशपुर जिले के लिए अभूतपूर्व संख्या में विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों का लोकार्पण अथवा भूमिपूजन हो चुका है, उनके शिलापट्ट संबंधित गांवों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में छोटे कार्यक्रम आयोजित कर अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी परियोजना का शिलापट्ट इधर-उधर पड़ा मिला या उसे स्थापित नहीं किया गया, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में प्रभारी मंत्री ने महिलाओं और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है, जिसका उपयोग वे अपने बच्चों के भविष्य के लिए समृद्धि सुकन्या योजना में निवेश के रूप में कर सकती हैं। इसके साथ ही महतारी शक्ति ऋण योजना के माध्यम से महिलाओं को कम ब्याज दर पर 25 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों को गंभीरता से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल है और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिलना चाहिए। कृषि विभाग को किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसानों को मत्स्य पालन, केला एवं लीची जैसी फलदार फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा गया।प्रभारी मंत्री ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अधिकाधिक क्रियान्वयन पर भी जोर दिया और पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ दिलाने के निर्देश दिए।बैठक में कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जिले में मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए बताया कि जशपुर में मेडिकल कॉलेज, शासकीय नर्सिंग कॉलेज, प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र, क्रिटिकल केयर सेंटर तथा सीएसआर मद से अखिल भारतीय कल्याण आश्रम द्वारा संचालित अस्पताल के निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।उन्होंने बताया कि सन्ना विकासखंड के ग्राम पंडरापाठ में विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा बच्चों के लिए तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण प्रारंभ हो चुका है। वहीं कुनकुरी के सलियाटोली में एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियों के लिए कार्य शुरू किया गया है। जशपुर और कुनकुरी में नालंदा परिसर तथा अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं पर भी कार्य जारी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बैठक में चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे अपराध नियंत्रण और जांच कार्य में पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि हेलमेट जागरूकता अभियान के तहत वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है तथा दो हजार से अधिक लोगों के अपील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव एवं विचार रखे। समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री

श्री ओपी चौधरी ने सुशासन तिहार, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, छत्तीसगढ़ राज्य आजीविका मिशन, वन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, खाद्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, कृषि, पशुपालन, गृह निर्माण मंडल, मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना, मत्स्य पालन, उद्यानिकी, खेल एवं युवा कल्याण, श्रम विभाग सहित जिले के प्रमुख निर्माण एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

Khilawan Prasad Dwivedi

Sakti Samachar News is one of the biggest Hindi News portal where you can read updated Hindi News on Politics, Sports, Business, World, Entertainment etc.

Related Articles