jila sakti

सुशासन तिहार 2026: जनपद पंचायत सक्ती अंतर्गत ग्राम लहंगा में हुआ जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने हितग्राहियों को जॉब कार्ड, राशनकार्ड, आयुष्मान कार्ड किया वितरण

सुशासन तिहार 2026: जनपद पंचायत सक्ती अंतर्गत ग्राम लहंगा में हुआ जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन कलेक्टर ने हितग्राहियों को जॉब कार्ड, राशनकार्ड, आयुष्मान कार्ड किया वितरण 20 ग्राम पंचायतों के नागरिकों की समस्याओं का हुआ त्वरित निराकरण सक्ती 06 मई 2026// मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं के समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से ‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत सक्ती जिले के जनपद पंचायत सक्ती अंतर्गत भाटापारा उद्यान लहंगा में ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत जनसमस्या समाधान शिविर का शुभारंभ भारत माता, माँ सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी की चलचित्र पर विधिवत पूजा-अर्चना तथा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। जनपद पंचायत सक्ती क्लस्टर के 20 ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए जिसमें कुल 296 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें से 123 आवेदनो का त्वरित निराकरण किया गया तथा शेष 173 आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के लिए संबंधित विभागो को प्रेषित कर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया गया। कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कर शासन की योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाया गया। इस शिविर में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कहा कि सुशासन तिहार का मूल उद्देश्य प्रशासन को सरल, पारदर्शी और जनहितकारी बनाना है। ग्राम पंचायत लहंगा में आयोजित इस शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाकर उन्हें उनका वास्तविक लाभ दिलाना हमारी प्राथमिकता है। इस तरह के शिविर प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हैं, जहाँ लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाता है। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्य करते हुए शीघ्र समाधान किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि हमारा प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इन शिविरों से जुड़ें और अपनी समस्याओं का सरल एवं सुगम तरीके से निराकरण प्राप्त करें। इसी तरह जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन ने बताया कि सुशासन तिहार शासन की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य प्रशासन को आमजन के और अधिक निकट लाना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के दो प्रमुख उद्देश्य हैं। पहला, “सरकार आपके द्वार” की भावना के अनुरूप प्रशासन स्वयं गाँव-गाँव पहुँचकर लोगों की समस्याओं को सीधे सुनता है और उनका त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करता है। इससे आम नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और उनकी समस्याओं का समाधान उनके अपने क्षेत्र में ही हो जाता है। और दूसरा उद्देश्य शासन की विभिन्न योजनाओं और नीतियों की जानकारी प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुँचाना है, ताकि कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों और लाभों से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की मंशा है कि हर नागरिक जागरूक बने, योजनाओं का लाभ उठाए और विकास की मुख्यधारा से जुड़े। शिविर में कलेक्टर द्वारा हितग्राहियों को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत एवं पूर्ण हो चुके आवासों के लिए स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा पूर्ण आवास वाले हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से चाबी सौंपी गई। साथ ही खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड, मनरेगा के अंतर्गत जॉब कार्ड और बिहान की महिलाओं को आजीविका संवर्धन हेतु चेक का वितरण किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी। इसके अतिरिक्त आयुर्वेद विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में आए लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ सहित जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। शिविर में जनप्रतिनिधियों ने जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए शपथ दिलाई। समाधान शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, ग्रामोद्योग विभाग, सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुधन विकास विभाग, राजस्व विभाग, आबकारी विभाग, आदिवासी विकास विभाग, खाद्य विभाग, महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल संसाधन विभाग, वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम, श्रम विभाग, मछली पालन विभाग, बिजली विभाग, लोक निर्माण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। लहंगा में आयोजित शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्री आयुष शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रितु ऋषिराय, टिकेश्वर गबेल, सभापति जनपद पंचायत श्रीमती गुलेश्वरी कंवर, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत सक्ती श्री बंशीधर खांडे, जनपद पंचायत सदस्य श्री ज्ञानिक प्रसाद, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती उषा कंवर, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती सुनीता श्रीवास, विधायक प्रतिनिधि श्री रिषिराय, विधायक प्रतिनिधि रूपनारायण राठौर, गेंदराम मनहर, ग्राम पंचायत लहंगा सरपंच श्रीमती मदीना जटवार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, समस्त विभाग के अधिकारी कर्मचारीगण, स्व. सहायता समूहो के सक्रिय महिला सदस्य, ग्रामीणजन आदि उपस्थित रहे।

Khilawan Prasad Dwivedi

Sakti Samachar News is one of the biggest Hindi News portal where you can read updated Hindi News on Politics, Sports, Business, World, Entertainment etc.

Related Articles