jila sakti

जिला सक्ति कलेक्टर शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित धान खरीदी के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूर्णतः अलर्टधान खरीदी केंद्रों पर कड़ी निगरानी, गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्यवाही

शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित धान खरीदी के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूर्णतः अलर्ट धान खरीदी व्यवस्था को दुरुस्त रखने पुलिस प्रशासन की 24 घंटे निरंतर पेट्रोलिंग जारी जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों पर कड़ी निगरानी, गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्यवाही धान खरीदी से जुड़ी किसी भी शिकायत के लिए कंट्रोल रूम नंबर 07757-233470 पर दें तत्काल सूचना सक्ती, 28 जनवरी 2026 // जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पूर्णतः शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के साथ-साथ पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय हो गया है। किसानों के हितों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दोनों प्रशासनिक इकाइयों द्वारा संयुक्त निगरानी व्यवस्था के तहत व्यापक स्तर पर कार्यवाही की जा रही है। धान खरीदी को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जहां एक ओर जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन द्वारा निरंतर पेट्रोलिंग करते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। जिले के समस्त धान खरीदी केंद्रों पर 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी बिना पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण कर खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इससे अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। धान खरीदी के दौरान अव्यवस्था, विवाद, बिचौलियों की सक्रियता, अवैध लेन-देन, किसानों को परेशान करने जैसी किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। खरीदी केंद्रों पर पुलिस बल की पेट्रोलिंग से किसानों को सुरक्षित, शांत एवं निर्बाध वातावरण उपलब्ध हो रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि धान खरीदी में अनियमितता, भ्रष्टाचार, लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही करते हुए, जेल भेजने की कार्यवाही भी की जाएगी। संयुक्त निगरानी व्यवस्था के अंतर्गत सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, रजिस्टरों की जांच, टोकन सत्यापन, धान की गुणवत्ता एवं वजन, भंडारण और परिवहन प्रक्रिया पर विशेष नजर रखी जा रही है, जिससे धान खरीदी कार्य में पूर्ण पारदर्शिता एवं अनुशासन सुनिश्चित किया जा सके। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने किसानों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी धान खरीदी से संबंधित किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अवैध गतिविधि नजर आए तो तत्काल प्रशासन, पुलिस अथवा कंट्रोल रूम नंबर 07757-233470 पर सूचना दें। प्रशासन ने दो-टूक संदेश दिया है कि जिले में धान खरीदी कार्य पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और किसान-हितैषी रहेगा तथा पात्र किसानों का एक एक दाना धान खरीदा जाएगा। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी।

Khilawan Prasad Dwivedi

Sakti Samachar News is one of the biggest Hindi News portal where you can read updated Hindi News on Politics, Sports, Business, World, Entertainment etc.

Related Articles