कलेक्टर के निर्देशन पर अधिकारी लगातार कर रहे जिले के धान उपार्जन केंद्रों का सतत निरीक्षण

कलेक्टर के निर्देशन पर अधिकारी लगातार कर रहे जिले के धान उपार्जन केंद्रों का सतत निरीक्षण सक्ती, 15 जनवरी 2026// कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं का विभिन्न अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। किसानों से सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से धान खरीदी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी नियमित रूप से धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में एसडीएम सक्ती श्री अरुण कुमार सोम ने धान खरीदी केंद्र चिस्दा का निरीक्षण किया और सुव्यवस्थित रूप से धान खरीदी कार्य किए जाने के लिए जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इसी तरह तहसीलदार सक्ती श्री विद्याभूषण साव ने धान खरीदी केंद्र डोड़की और तहसीलदार बाराद्वार श्रीमती गरिमा मनहर ने धान खरीदी केंद्र किरारी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पेयजल व्यवस्था, बायोमेट्रिक मशीन की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति, धान की मानक स्टैकिंग व्यवस्था, नए एवं पुराने जूट बारदाने, तिरपाल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है तथा निरीक्षण संबंधी जानकारी कलेक्टर कार्यालय को उपलब्ध कराई जा रही है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने धान खरीदी कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि धान विक्रय के दौरान किसी भी किसान को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सभी धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। साथ ही धान खरीदी कार्य की नियमित निगरानी के निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी भी निर्धारित की गई है। बता दे कि शासन के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में 31 जनवरी 2026 तक सुचारू रूप से धान खरीदी का कार्य जारी है।