jila sakti

कलेक्टर के निर्देशन में एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ सहित विभिन्न जिला अधिकारी कर रहे धान खरीदी केन्द्रों का सतत निरीक्षण।

कलेक्टर के निर्देशन में एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ सहित विभिन्न जिला अधिकारी कर रहे धान खरीदी केन्द्रों का सतत निरीक्षण सक्ती, 22 दिसंबर 2025// कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं का विभिन्न अधिकारियों द्वारा सतत निरीक्षण किया जा रहा है। जिसके तहत एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी किसानों से सुव्यवस्थित रूप से धान खरीदी किए जाने के लिए विभिन्न धान खरीदी केंद्रों में पहुंचकर पेयजल व्यवस्था, बायोमेट्रिक मशीन की उपलब्धता, विद्युत व्यवस्था, धान की मानक स्टैकिंग व्यवस्था, नया व पुराना जूट बारदाना, तिरपाल सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच कर धान खरीदी कार्य को पूर्ण रूप से सुव्यवस्थित संचालित करने हेतु निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में आज एसडीएम सक्ती श्री अरुण कुमार सोम द्वारा धान खरीदी केंद्र चिस्दा, मल्दा और घिवरा का निरीक्षण किया गया और सुव्यवस्थित रूप से धान खरीदी कार्य किए जाने के लिए जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इसके साथ ही स्केटिंग व्यवस्था, टोकन पंजी एवं निरीक्षण पंजी का अवलोकन किया गया। इसी तरह जनपद सीईओ डभरा द्वारा धान खरीदी केंद्र कांसा एवं कवली का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान धान खरीदी की व्यवस्था, तौल प्रक्रिया, भंडारण व्यवस्था तथा किसानों को दी जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया गया। सीईओ द्वारा सीसीटीवी कैमरे एवं नमी मापक मशीन से धान की जाँच की गई, जो शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई। केंद्रों पर किसानों के बैठने, पेयजल, छाया, साफ-सफाई, इलेक्ट्रॉनिक कांटे, रिकॉर्ड संधारण एवं पर्याप्त बरदाना की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, जिससे धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। इसके साथ ही अन्य अधिकारियों द्वारा विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है और जिले में सुव्यवस्थित धान खरीदी कार्य सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अवसर पर धान उपार्जन केंद्रों के संबंधित अधिकारी कर्मचारी सहित आस पास गांव के विभिन्न किसान उपस्थित थे।उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में धान खरीदी 15 नवंबर 2025 से प्रारंभ हो चुकी है। जो 31 जनवरी 2026 तक चलेगी। किसानों को इस वर्ष 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल की सीमा निर्धारित की गई है। खरीदी प्रक्रिया सुचारू बनाए रखने हेतु टोकन ऑनलाइन भी जारी किए जा रहे हैं।

Khilawan Prasad Dwivedi

Sakti Samachar News is one of the biggest Hindi News portal where you can read updated Hindi News on Politics, Sports, Business, World, Entertainment etc.

Related Articles

Leave a Reply