जांजगीर-चांपा: हसदेव नदी से 5 साल से अवैध रेत खनन, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार, 5 अक्टूबर को चक्काजाम की दी चेतावनी

जांजगीर-चांपा: हसदेव नदी से 5 साल से अवैध रेत खनन, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार, 5 अक्टूबर को चक्काजाम की दी चेतावनी
पूछेली / बम्हनीडीह (जांजगीर-चांपा) जिले के बम्हनीडीह ब्लॉक के ग्राम पंचायत पूछेली में हसदेव नदी के सिद्ध बाबा घाट से पिछले 5 वर्षों से अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया है।

इससे नाराज समस्त ग्रामवासियों ने 28 सितंबर 2026 को कलेक्टर जांजगीर-चांपा को लिखित शिकायत सौंपी है।ग्रामीणों ने अपने आवेदन में बताया कि ग्राम पिपरदा निवासी गेंदाराम पटेल, बिरजू पटेल, गोपाल पटेल और विरेन्द्र पटेल (शिक्षाकर्मी) द्वारा 2 जेसीबी और 8 ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध खनन किया जा रहा है।
दिन में घाट पर रेत की डंपिंग की जाती है और रात होते ही हाइवा वाहनों से रेत को बिलासपुर, जांजगीर और सक्ती परिवहन किया जाता है।शिकायत में ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि माफियाओं द्वारा माइनिंग ऑफिस, बम्हनीडीह तहसीलदार और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व चांपा को पैसा देकर पटा कर रखा गया है।
इस संबंध में कई बार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत पूछेली के सरपंच पति और कुछ पुरुष पंचों की मिलीभगत से यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा अवैध रेत उत्खनन को बंद नहीं कराया गया तो दिनांक 05/10/2026 को ग्राम पूछेली में चक्काजाम* किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।