कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन द्वारा ग्राम पंचायत पिसौद में गुणवत्ताविहीन सी.सी. रोड निर्माण पर पिसौद की सरपंच श्रीमती जयमति के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही

ग्राम पंचायत पिसौद में गुणवत्ताविहीन सी.सी. रोड निर्माण पर सरपंच के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारंभ सक्ती, 17 अप्रैल 2026 // कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन द्वारा जनपद पंचायत जैजैपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत पिसौद की सरपंच श्रीमती जयमति के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारंभ की गई है।जिला पंचायत सक्ती से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पिसौद में जिला खनिज न्यास संस्थान (डीएमएफ) मद से स्वीकृत सी.सी. रोड निर्माण कार्य में गुणवत्ता विहीन निर्माण की शिकायत प्राप्त हुई थी। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन द्वारा दिनांक 10 अप्रैल 2026 को कार्यस्थल का पुनः निरीक्षण किया गया, जिसमें निर्माण कार्य गुणवत्ताहीन पाया गया।निरीक्षण में यह पाया गया कि सरपंच द्वारा घोर लापरवाही बरती गई तथा तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति में दिए गए निर्देशों का उल्लंघन किया गया। उक्त कृत्य पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 48 तथा संबंधित नियम 1994 (सरपंच के कर्तव्य एवं शक्तियाँ) के विपरीत पाया गया। फलस्वरूप सरपंच को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर 3 दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में सरपंच श्रीमती जयमति द्वारा दिनांक 13 अप्रैल 2026 को प्रस्तुत जवाब में उल्लेख किया गया कि सी.सी. रोड निर्माण कार्य ग्राम पंचायत द्वारा अनुबंध के माध्यम से कराया गया तथा कार्य उप अभियंता के मार्गदर्शन में संपादित हुआ। साथ ही यह भी बताया गया कि नदी से रेत परिवहन करने वाले ट्रैक्टरों के आवागमन से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसकी मरम्मत जांच दल एवं एसडीओ के निर्देशानुसार करा ली गई है। सरपंच द्वारा यह भी बताया गया कि मरम्मत कार्य पूर्ण होने के उपरांत उप अभियंता एवं एसडीओ द्वारा निरीक्षण कर कार्य को संतोषजनक बताया गया तथा 20 प्रतिशत राशि का भुगतान भी स्वीकृत किया गया। साथ ही गुणवत्ता नियंत्रण उप इकाई, केन्द्रीय प्रयोगशाला सक्ती द्वारा दिनांक 06 नवम्बर 2025 को गुणवत्ता प्रमाण पत्र जारी किया गया था। हालांकि, जांच में यह पाया गया कि उक्त गुणवत्ता प्रमाण पत्र कूट रचित दस्तावेज के आधार पर तैयार किया गया है तथा शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया है, जिसके कारण सी.सी. रोड क्षतिग्रस्त एवं उखड़ रही है और कार्य गुणवत्ताहीन है। प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर सरपंच द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर जनपद पंचायत जैजैपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत पिसौद की सरपंच श्रीमती जयमति के विरुद्ध पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 39 के अंतर्गत तत्काल कार्यवाही करते हुए धारा 40 के तहत नियमानुसार आगे की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।