jila sakti

जिला सक्ति होली पर प्रशासन अलर्ट कलेक्टर-एसपी ने शांति, सुरक्षा और सौहार्द्र बनाए रखने की अपील

होली पर प्रशासन अलर्ट: कलेक्टर-एसपी ने शांति, सुरक्षा और सौहार्द्र बनाए रखने की अपील सक्ती, 02 मार्च 2026। रंगों के पर्व होली को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने जिलेवासियों से आगामी 4 मार्च को होली का पर्व शांति, सौहार्द्र और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कहा कि होली खुशियों और उत्साह का पर्व है, जिसे परंपरा और मर्यादा के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करते हुए सुरक्षित वातावरण बनाए रखने का आग्रह किया। कलेक्टर ने कहा हैं कि विद्युत तारों के नीचे, ट्रांसफार्मर के पास और डामर सड़कों पर होलिका दहन न किया जाए, क्योंकि इससे दुर्घटना की आशंका रहती है और सड़कों को नुकसान पहुंचता है। यदि किसी स्थान पर सड़क पर होलिका दहन करना अति आवश्यक हो, तो पहले मुरूम की परत बिछाकर ही होलिका सजाई जाए। कलेक्टर ने सड़कों पर होलिका दहन न करने का आग्रह किया है। कलेक्टर ने नगर पालिका और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया है कि रंग-गुलाल एवं पिचकारी की दुकानों से यातायात बाधित न हो। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए होलिका दहन की अपील की गई है। पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि होली आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देती है। उन्होंने नागरिकों से जबरन रंग न लगाने, शराब पीकर वाहन न चलाने और तेज गति से वाहन चलाने से बचने की अपील की। साथ ही दोपहिया पर तीन सवारी बैठाने और प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। होली के दौरान जिले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। बाइक पेट्रोलिंग, मोबाइल पार्टी, डायल-112 सेवा और सादी वर्दी में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने भरोसा जताया है कि जिलेवासी मिल-जुलकर शांति, सुरक्षा और सद्भाव के साथ होली मनाकर एक सकारात्मक संदेश दें।

Khilawan Prasad Dwivedi

Sakti Samachar News is one of the biggest Hindi News portal where you can read updated Hindi News on Politics, Sports, Business, World, Entertainment etc.

Related Articles