
SAMT 2024 Final: मध्यप्रदेश का सपना टूटा, मुंबई ने दूसरी बार जीता सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब
सूर्यकुमार यादव और अजिंक्य रहाणे की अहम पारियों की बदौलत सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 के फाइनल में मुंबई ने मध्यप्रदेश को 5 विकेट से हराया। इस हार के साथ ही मध्यप्रदेश का पहली बार ट्रॉफी जीतने का सपना भी टूट गया है। इससे पहले 2010-11 में मध्यप्रदेश फाइनल में पहुंची थी। हालांकि, बंगाल ने तब मध्यप्रदेश को फाइनल में हराया था। दूसरी ओर मुंबई ने दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की है। इससे पहले मुंबई ने 2022 में ही ट्रॉफी उठाई थी।
बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मध्यप्रदेश ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए। कप्तान रजत पाटीदार ने सबसे ज्यादा 81 रन की पारी खेली। जवाब में मुंबई ने 17.5 ओवर में ही 5 विकेट खोकर टारगेट को चेज कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मध्यप्रदेश की शुरुआत खराब रही। अर्पित गौड़ ने 3 और हर्ष गवली ने 2 रन बनाए। उनके अलावा हरप्रीत सिंह भाटिया ने 15, सुभ्रांशु सेनापति ने 23, वेंकटेश अय्यर ने 17, राहुल बाथम ने 19 रन बनाए। त्रिपुरेश सिंह का खाता तक नहीं खुला। शिवम शुक्ला 1 के स्कोर पर रन आउट हुए। कप्तान रजत पाटीदार 40 गेंदों पर 81 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 6 छक्के ठोके।